हमीरपुर
– हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं कामगार कल्याण बोर्ड का सोमवार के दिन सैकड़ों मनरेगा मजदूरों ने जोरदार तरीके से घेराव कर दिया। पंजीकरण तथा नवीनीकरण न होने के चलते मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यालय के बाहर सडक़ मार्ग किनारे बैठक सरकार तथा विभाग के खिलाफ जमकर मोर्चा खोला।इस दौरान सीटू नेताओं ने उन्हें संबोधित किया तथा एकजुटता के साथ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए प्रेरित भी किया। मनरेगा मजदूर अपनी पंजीकरण की कापियां नवीनीकरण के लिए लेकर आए हुए थे। देखते ही देखते सीटू नेताओं सहित सैकड़ों मनरेगा मजदूर कामगार कल्याण बोर्ड के दफ्तर में जा घुसे। इस दौरान श्रम कल्याण अधिकारी से वार्तालाप की गई तथा काफी देर तक बहसबाजी का दौर चलता रहा। श्रम कल्याण अधिकारी सरकारी दस्तावेजों को पूरा करने के लिए मनरेगा मजदूरों को कहते रहे, बल्कि इसी बात को लेकर माहौल तनावपूर्ण भी हो गया। कहा जा रहा था कि जो लोग कार्य कर चुके हैं वह कार्य से पहले का प्रमाण कैसे प्रस्तुत कर सकते हैं। इस दौरान मनरेगा मजदूर अपनी पंजीकृत कापियों को रिन्यू करने की प्रक्रिया के बारे भी पूछते रहे।
सीटू के राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि मजदूरों के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कामगार कल्याण बोर्ड की तरफ से नवीनीकरण करने को लेकर कई तरह की पेचीदगियां बताई जा रही हैं। इसे लेकर यह प्रदर्शन किया गया है तथा आगे भी मजदूरों के हकों की लड़ाई जारी रहेगी।
