
हमीरपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को जीत तो कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा को हार का सामना करना पडा है । वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में चौका लगाने के बाद इस बार अनुराग ने जीत का पंजा लगाया है। उन्होंने लगातार पांचवीं बार लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा की बडी हार हुई है। कांग्रेस की इस बार भाजपा के गढ़ में सेंध लगाने की रायजादा पर दांव चला, लेकिन कांग्रेस की एक न चली।
अनुराग ठाकुर ने सतपाल सिंह रायजादा को 1 लाख 77 हज़ार मतो से हराया। अनुराग ठाकुर को कुल 5 लाख 88 हज़ार 745 मत पडे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा को 4 लाख 11 हज़ार 439 मत पडे। लोकसभा चुनाव में लगातार नौवीं जीत के कारण हमीरपुर सीट भाजपा का अभेद्य दुर्ग बन चुका है। वर्ष 1998 से यह सीट भाजपा के पास है।
वहीं, अगर बीते 16 लोकसभा चुनावों की बात करें तो इसमें भाजपा को 10 बार और कांग्रेस को महज पांच बार जीत मिली है। दिलचस्प बात है कि इस सीट पर वर्ष 2007 से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के परिवार का ही कब्जा है। वर्ष 2007 में इस सीट पर भाजपा के प्रेम कुमार धूमल विजयी हुए थे। इसके बाद से यह सीट धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर के
इससे पहले बिलासपुर से भाजपा के सुरेश चंदेल ने लगातार तीन बार चुनाव में जीत दर्ज की थी। लेकिन ऑपरेशन दुर्याधन के चलते उन्हें वर्ष 2007 में सीट गंवानी पड़ी। इसके बाद उपचुनाव में प्रेम कुमार धूमल ने इस सीट से विजयी हासिल की। लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार में उनके मुख्यमंत्री बनने से इस सीट पर दोबारा उप चुनाव हुआ और उनके पुत्र अनुराग ठाकुर उपचुनाव में विजयी हुए। अभी तक इस सीट पर अनुराग ठाकुर जीत दर्ज करते आ रहे हैं।
24 अक्टूबर 1974 को जन्मे अनुराग ठाकुर ने 50 साल से भी कम उम्र में राजनीतिक बिसात पर एक “विजयी” पारी खेली है। 17 साल से सफलता अनुराग के कदम चूम रही है। 2017 में पिता प्रेम कुमार धूमल को सीएम कैंडिडेट बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी ये अलग बात है कि धूमल विधानसभा का चुनाव हार गए थे। 2019 में अनुराग ठाकुर ने जीत का चौका लगाया था। अनुराग को 68.81 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए थे। कांग्रेस 28.54 प्रतिशत पर सिमट गई थी। 2024 में अनुराग 57.97 प्रतिशत वोट लेने में सफल हुए है। कांग्रेस ने इस सीट पर प्रदर्शन में सुधार किया है। कांग्रेस 28.54 से बढ़कर 40.55 तक पहुंची है। आधा प्रतिशत मत नोटा को भी पड़े हैं।हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस-भाजपा के अलावा 10 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। तीसरे स्थान पर बहुजन पार्टी के हेमराज महज 2758 मतों के साथ रहे।
