हमीरपुर स्थित एनआईटी अक्सर विवादों व चर्चाओं में घिरी रहती है। आए दिन कोई न कोई मामला सामने आने के बाद एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार एनआईटी हमीरपुर के प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले छात्र ने अपने ही संस्थान की छात्रा को वीडियो काल से बहुत ही आपत्तिजनक धमकी दे डाली। इस छात्रा ने इस बारे में जब अन्य छात्र छात्राओं से बात की तो यह बात संस्थान के परिसर में जंगल की आग की तरह फैल गई। इस घटना से गुस्साऐ छात्र छात्राओं ने देर रात परिसर में हंगामा कर दिया। सैकड़ों छात्र – छात्राएं एनआईटी परिसर के बाहर आ गए। छात्रा के समर्थन में अन्य हॉस्टलों के छात्र- छात्राएं भी परिसर में इकट्ठे हो गए। आंन्दोलित छात्र छात्राओं ने वीडीओ कॉल करने वाले उस छात्र पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
एनआईटी परिसर में तनाव पूर्वक स्थिति को देखते हुए संस्थान प्रशासन को रात में ही पुलिस बुलानी पड़ गई। इस घटनाक्रम के बाद गुरूवार सुबह एक बार फिर से संस्थान में तनाव का माहौन बना रहा। बताते चलें कि एनआईटी हमीरपुर में थोड़े-थोड़े समय बाद हो रहे इस तरह के घटनाक्रमों के लिए लोग इस संस्थान के प्रबंधन के ढुलमुल रवैये को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं। वहीं, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी हमीरपुर भगतसिंह ने बताया कि एनआईटी की एक छात्रा का शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। जिसके अनुसार शिकायत कर्ता छात्रा का ही सहपाठी जोकि उसी के विभाग में पढ़ता हैं। वह शिकायतकर्ता छात्रा को कुछ दिनों से परेशान कर रहा है। अभी हाल ही में उसने छात्रा के साथ बदतमीजी, अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा छात्रा को धमकियां दीं। पीड़ित छात्रा की लिखित शिकायत पर थाना सदर हमीरपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा अभियोग में आगामी कार्रवाई जारी है।
