लोन दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधडी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक व्यक्ति और एक युवती को हिरासत में लेने बारे विजीलैंस को कामयाबी हासिल हुई है। विजीलैंस टीम द्वारा इन्हें हिरासत में लेने के उपरांत इनसे कडी पूछताछ की जा रही है। इनकी पहचान कृष्ण चंद शर्मा पुत्र स्व.स्वामी राम निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी हमीरपुर और शिखा राणा निवासी बनाल डाकघर करोट तहसील भोरंज हमीरपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि ये दोनों आरोपी एस.सी., एस.टी. कारपोरेशन से 2 प्रतिशत ब्याज पर लोन दिलवाने के नाम पर लोगों से ठगी करने के कार्य को अंजाम दे रहे थे। लोगों को अपने जाल में फंसाने के बाद सबसे पहले ये आवेदनकर्ताओं से 4500 रूपये फीस ऐंठ लेते थे और इसके अलावा इनके द्वारा कुछ अलग चार्जेज भी वसूले जा रहे थे।
आरोपियों के बैंक अकॉउंटस , मोबाइल, लैपटॉप और अन्य दस्तावेज भी विजीलैंस द्वारा खंगले जा रहे हैं।
मामले की पुष्टि एस.पी. विजिलेंस कुलभूषण वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि विजीलैंस द्वारा 318(4), 61(2) बी.एन. एस. के तहत मामला दर्ज कर इन्हें हिरासत में लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।