विधानसभा क्षेत्र सदर से विधायक आशीष शर्मा ने वीरवार को छोटे साहिबजादों जी के शहादत दिवस एवं वीर बाल दिवस के मौके पर गुरुद्वारा हमीरपुर जाकर उन्हें स्मरण एवं नमन किया और गुरु ग्रन्थ साहिब जी के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह व उनके साहिबजादों ने अपने धर्म व देश के लिए अपना सर्वोच्च बालिदान दिया है। महज सात साल और नौ साल की आयु में गुरु गोविंद सिंह के दो साहिबजादों बाबा फतेह सिंह और ज़ोरावर सिंह ने अपने देश के लिए अपना बालिदान दिया था। धर्म परिवर्तन के लिए उन्हें दबाव डाला गया, लेकिन उन्होंने अपना धर्म नहीं छोड़ा व मौत को गले लगाया। उनके इतिहास का पता आजकल के युवाओं के लिए बहुत जरूरी है। इसलिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर बाल दिवस मनाने का आहवान किया एवं यह दिवस मनाया जा रहा है। देश और धर्म के लिए इतनी कम आयु में अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन साहिबजादों को हमेशा याद रखा जाएगा। इस मौके पर हमीरपुर मंडल महामंत्री सुरेश सोनी, राजेश ठाकुर, नगर परिषद उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज, शहरी इकाई अध्यक्ष मुनीश पुरी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
