नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने पदभार संभालते ही नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस भर्ती प्रक्रिया के बाद पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरुवाला थाना क्षेत्र में 323 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 10 से 20 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह अब तक की सिरमौर में सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि पुरुवाला थाना क्षेत्र के मेहरुवाला रोड स्थित भुड्डी रोड बाइफरकेशन के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां छापा मारा। पुलिस को मौके पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले, जिनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 323 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत पुरुवाला थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गौरतलब है कि एसपी निश्चित नेगी ने 10 फरवरी को कार्यभार संभाला था, जिसके बाद पुलिस विभाग 21 फरवरी तक भर्ती प्रक्रिया में व्यस्त रहा। कार्यभार संभालते ही एसपी ने नशे के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई कर स्पष्ट संकेत दिया है कि हिमाचल में नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी नेगी ने कहा कि इस सफलता का श्रेय अपनी टीम को देते हैं क्यु की उन के बिना ये काम सम्भव नहीं है एसपी चिट्टे की तस्करी का पर्दाफाश करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और प्रदेश में नशे की जड़ों को पूरी तरह खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य तस्करों तक पहुंचने में सफल होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, देर शाम तक पुलिस अधीक्षक निश्चित नेगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा पांवटा साहिब में ही मौजूद रहे। ऐसा माना जा रहा है कि इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद हालात पर नजर बनाए हुए थे। अधिकारियों की मौजूदगी से साफ है कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और आगे की कार्रवाई के लिए रणनीति बना रही है
