हमीरपुर – यातायात पुलिस हमीरपुर ने सोमवार को स्पेशल ड्राइव चलाकर करीब 90 वाहनों के चालान काटे हैं। बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए वाहनों के चालान किए गए हैं। यातायात पुलिस के कर्मचारी सोमवार को दिन भर शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में लगे रहे। बस अड्डा हमीरपुर से लेकर नादौन चौक व शहर में गांधी चौक के आस पास चालान किए गए। कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस को नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े हुए मिले। ऐसे में इन वाहनों के चालान किए गए हैं। वहीं तय किया गया है कि अब यातायात पुलिस नियमित तौर पर शहर का निरीक्षण कर नियमों की उल्लंघना करन रहे वाहनों के चालान करेगी। फिलहाल सोमवार को चली विशेष ड्राइव में जहां वाहनों के चालान काटे गए तो वहीं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया।
बता दें कि हमीरपुर शहर के आस पास कई जगहों पर वाहन पार्क कर दिए जाते हैं। कई जगहों को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है, लेकिन यहां पर भी वाहन पार्क कर दिए जाते हैं। वहीं शहर में भी कई जगहों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं जिस कारण लोगों को आवागमन तथा अन्य वाहनों को गुजरने में परेशानी होती है। ट्रैफिक पुलिस पिछले कुछ दिनों से शहर में पूरी तरह से एक्टिव हो गई है तथा आए दिन शहर के आस पास गलियों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। वन विभाग के समीप भी रास्ते के किनारे वाहन पार्क किए जा रहे थे जिनके चालान किए गए हैं। वहीं हमीरपुर शहर में भी कई वाहनों के चालान काटे गए हैं। ऑनलाइन माध्यम से चालान काटे गए हैं। विभागीय अधिकारियों की माने तो यह अभियान नियमित तौर पर चलाया जाएगा ताकि वाहन चालक नियमों का पालन सुनिश्चित करें। नियम अनुसार वाहनों के चालान काटे जाएंगे। पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार का कहना है कि शहर में अब नियमित तौर पर निरीक्षण किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए जाएंगे। सोमवार को वाहनों के चालान काटने के साथ ही लोगों को जागरूक भी किया गया है ताकि लोग वाहनों नो पार्किंग जोन में पार्क न करें।
