तहसील बमसन टौणी देवी के नए तहसीलदार सौरभ धीमान राजस्व कार्यो को समय पर पूरा करने के लिए जल्द ही अभियान शुरू करेंगे और सभी पटवार सर्कलों का दौरा कर राजस्व कार्यों को निपटाएंगे। जिससे लोगों को घर द्वार से पास बेहतर सुविधा मिल सके। टौणी देवी के नए तहसीलदार सौरभ धीमान ने कुछ दिन पहले ही यहां तहसील में बतौर तहसीलदार कार्यभार ग्रहण किया है। टौणी देवी में तहसीलदार का पद काफी समय से रिक्त चल रहा था। नियुक्ति के बाद अब लोगों को राजस्व कार्यों के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नए तहसीलदार सौरभ धीमान ने बताया कि राजस्व कार्यों के लंबित मामलों को जल्द ही पूरा किया जाएगा । इसके लिए वह राजस्व कर्मियों की बैठक भी लेंगे और उन्हें उचित दिशा निर्देश जारी करेंगे। कहा कि लोगों को घर द्वार पर कार्यों की बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी जिससे उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ उन्होंने कहा कि भूमि विवाद के मामले अभी बढ़ रहे हैं और इनका भी निपटारा किया जाएगा। जिससे भूमि संबंधी शिकायतों में कमी आ सके। राजस्व विभाग के कर्मियों को भी लोगों की समस्याओं को तुरंत निपटने के आदेश दिए जाएंगे। जिससे लोगों को राजस्व कर्मियों के बार-बार चक्कर न काटने पड़े । सौरव धीमान पालमपुर के रहने वाले हैं तथा इससे पहले रोहडू और नाहन में भी अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं । उनका कहना है कि लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है । इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे। किसी भी व्यक्ति को राजस्व से संबंधित समस्या हो तो वह उनसे किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं।
