हमीरपुर ब्लाक की नजदीकी 5 पंचायतों को सुजानपुर शिफ्ट करने पर बोले पूर्व विधायक राजेंद्र राणा 

हमीरपुर: हमीरपुर ब्लाक मुख्यालय की सीमावर्ती 5 ग्राम पंचायतों को सुजानपुर शिफ्ट करने पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कड़ी आलोचना की है। सरकार के इस फैसले पर उन्होंने कहा कि सरकार की हठधर्मिता, निष्ठुरता और असंवेदनशीलता का यह एक जीवंत उदाहरण है, जहां जनता द्वारा चुनी सरकार ही उनके अधिकारों और मांगों का ही दमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कुठेड़ा, ख्याह लोहाखरियां, देई का नौण, टिब्बी व मझोग सुल्तानी को पहले हमीरपुर से सुजानपुर ब्लाक में शिफ्ट किया। अब इन पंचायतों के विरोध के चलते ख्याह लोहाखरियां को टौणी देवी में मिला दिया। उन्होंने कहा कि इन पंचायतों की समस्त जनता चाहती है कि इन पंचायतों को हमीरपुर ब्लाक में ही रहने दिया जाए, क्योंकि यह हमीरपुर से केवल 4 से 6 किलोमीटर दूर है तथा सुजानपुर के लिए 24 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ेगी। एक कार्यालय में काम के लिए पहले सुजानपुर और उसके बाद अन्य कार्यालयों के काम के लिए हमीरपुर आना पड़ेगा। लेकिन सरकार जनता की ही सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही बड़े कार्यालयों को ही दूसरी जगह शिफ्ट कर क्षेत्रवाद को हवा दे रही थी, अब पंचायत स्तर पर भी लोगों को इस आग में झोंक रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय जनमत के बराबर खिलाफ है, जिसे सरकार तुरंत रद्द करें। इस मामले में केवल अपनी राजनीति न ढूंढे। क्योंकि इन पंचायतों में सभी राजनीतिक दलों की विचारधारा के लोग रहते हैं तथा सभी अपनी पंचायतों का ब्लाक मुख्यालय सुजानपुर में शिफ्ट करने के पक्षधर नहीं हैं।