सुजानपुर विधानसभा सीट के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी वर्ष 2022 के उम्मीदवार रह चुके कैप्टन रणजीत सिंह ने आज कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। रणजीत सिंह को कांग्रेस के प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने दिल्ली में पार्टी में शामिल कराया। सुजानपुर से कांग्रेस रणजीत सिंह को उपचुनाव में प्रत्याशी बना सकती है।
2022 के विधानसभा चुनाव में रिटायर कैप्टन रणजीत सिंह मात्र 399 मतों के अंतर से कांग्रेस के विधायक राजेंद्र राणा से हारे थे। राजेंद्र राणा को कड़ी टक्कर दी थी। रणजीत सिंह
का कांग्रेस जॉइन करना भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के करीबी रहे हैं।
कैप्टन रणजीत सिंह के बीजेपी छोड़ने से कांग्रेस को न केवल सुजानपुर विधानसभा चुनाव बल्कि लोकसभा चुनाव में भी फायदा हो सकता है। सैनिकों के वोट पर रणजीत सिंह की अच्छी पकड़ मानी जाती है। इसे देखते हुए बीजेपी ने 2022 के चुनाव में उन्हें राजेंद्र राणा के सामने मैदान में उतारा था।
23 मार्च को कांग्रेस के बागी राजेंद्र राणा ने भाजपा जॉइन की है। रणजीत सिंह ने उसी दिन बगावत का खुले तौर पर ऐलान कर दिया था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल सहित बीजेपी की जिला व ब्लाक कार्यकारिणी कैप्टन रणजीत सिंह को मना चुकी है। मगर वह नहीं माने और आज उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
