
हमीरपुर सदर थाना के अंतर्गत कराडा क्षेत्र के एक युवक द्वारा शराब के नशे में धुत्त होकर खुद पर चाकू का वार किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन कुमार (24)पुत्र राजकुमार गांव व डाकघर कराड़ा तहसील व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 9 बजे मृतक अपने घर पर अपनी पत्नी के साथ था। इस दौरान उसने शराब का सेवन भी किया था। किसी बात को लेकर उसने चाकू से अपनी छाती पर वार कर दिया। जिसके उपरांत घायलवस्था में उसके परिजन उसे उपचार के लिए डा राधा कृष्णन मैडीकल कालेज ले गए। जहां पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी करीब 1 बर्ष पहले हुई थी और इसकी 1 महीने की बेटी है। वह पुणे में होटल में नौकरी करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव को मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया है। एस.एच.ओ. सदर हरीश गुलेरिया ने बताया कि सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्यवाही अमल में लाई जा रही है
