सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने की सूचना तथा बच्चों को चाकू दिखाए जाने की बात शुक्रवार के दिन उपमंडल बड़सर में खूब वायरल हुई । मामला सुबह का है जब सुबह सवेरे बच्चे स्कूल को जा रहे थे, तो ऐसे में एक बच्ची ग्रामीणों के पास पहुंचती है तथा उन्हें बताती है कि उसने कुछ संदिग्ध लोग देखें जो कि छोटे बच्चों को अपने साथ ले जाने की बात कह रहे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की तथा एक प्रवासी व्यक्ति को मौके पर पकड़ा। जब उससे छानबीन की गई तो पाया गया कि उक्त प्रवासी मजदूरी का कार्य करता है और ठेकेदार के पास काम करता है। किसी बात को लेकर वह ठेकेदार के पास से भाग आया था।उसकी तलाश ठेकेदार व उसके लोग भी कर रहे थे। पुलिस द्वारा उस व्यक्ति के साथ ही ठेकेदार को भी थाने में ले जाकर पूछताछ की गई है ।
उधर, डीएसपी बड़सर सचिन हीरेमठ ने बताया कि सोशल मीडिया हैंडलों द्वारा अफवाह फैलाई गई कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति नारा स्कूल के आसपास घूम रहे हैं। पुलिस द्वारा पाया गया कि ऐसी सूचना पूरी तरह से झूठ है। विचाराधीन व्यक्ति एक प्रवासी श्रमिक है जिसे अपराधी समझ लिया गया। गलतफहमी के कारण स्कूल के बच्चों ने झूठा शोर मचा दिया। जनता के बीच दहशत पैदा करने के लिए भ्रामक जानकारी फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।