जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट का शुभारंभ सिंथेटिक ट्रैक पर गुरुवार दोपहर के समय हुआ। एथेलेटिक्स मीट शुभारंभ के मुख्य अतिथि कांग्रेस के नेता डॉ पुष्पेंद्र वर्मा रहे। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें टोपी पहनाकर तथा स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बता दे की जिला स्तरीय इस एथलेटिक्स मीट प्रतियोगिता में हमीरपुर जिला के 220 लड़के तथा लड़कियां खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सरकारी स्कूलों सहित हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के छात्र खिलाड़ी भी एथलेटिक्स मीट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता से चयनित होने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
बता दें कि एथलेटिक्स मीट में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर तथा 1500 मीटर की दौड़ होगी। इसके साथ ही शॉट पुट, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जैवलिन थ्रो प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता का समापन शनिवार को किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कांग्रेस नेता डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी संबोधन में खिलाड़ियों को खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कांग्रेस नेता डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सुनिश्चित कर रही है कि स्कूली छात्र पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी शानदार प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि अब वह कहावत पुरानी हो चुकी है कि पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब खेलोगे कूदोगे होगे खराब। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सर्वांगीण विकास के लिए खेल भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों के माध्यम से खिलाड़ी नाम कमाकर प्रदेश वह देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
