जिला हमीरपुर के टिक्कर क्षेत्र में एक कार चालक द्वारा स्कूटी सवार और सामने से आती एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मारने से स्कूटी सवार की मौत होने का समाचार प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शिमला धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर 103 पर टिक्कर बाजार में वीरवार दोपहर बाद एक ओवर स्पीड कार चालक ने स्कूटी सवार और सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। इस टक्कर में स्कूटी सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान शेर सिंह निवासी धलोटी बोहणी के रूप में हुई है। वहीं कार चालक की पहचान शिमला का रहने वाला है उस के खिलाफ सदर थाना हमीरपुर में मामला दर्ज हुआ है। मामले की शिकायत सरकाघाट निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को की है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने वाला कार चालक शिमला क्षेत्र से संबंधित है और वीरवार दोपहर बाद उक्त व्यक्ति ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी और बाद में उनकी कार को भी जोरदार टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि मृतक स्कूटी सवार को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए मैडीकल कालेज हमीरपुर पहुंचाया, परन्तु उनकी पहले ही मौत हो चुकी थी।
मामले की पुष्टि एस.पी. हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
