टोनी देवी स्थित विद्युत उप-विभाग के पास की जा रही अवैध कटिंग को लेकर विद्युत विभाग ने मंदिर कमेटी को नोटिस जारी किया है। विभाग का कहना है कि 33 केवी सबस्टेशन के नजदीक कटिंग के कारण यार्ड गिरने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
*सरकारी संपत्ति और जनजीवन पर मंडराया खतरा*
विद्युत विभाग के मुताबिक, अगर सबस्टेशन यार्ड गिरता है तो न केवल सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान होगा, बल्कि दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो जाएगी। इससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब सकता है और पेयजल आपूर्ति भी बाधित होगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है।
*निर्माणाधीन NH-03 की कटिंग से जल योजना भी खतरे में*
इसके अलावा, निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-03 की कटिंग के कारण जल शक्ति विभाग की मेवा बमसन योजना भी खतरे में पड़ गई है। यह योजना भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्ध कराती है। अगर यह योजना बंद हुई तो पूरे भोरंज क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप हो जाएगी।
अब सवाल यह है कि क्या भोरंज विधानसभा के विधायक सुरेश कुमार इस मामले पर संज्ञान लेंगे और कंपनी के अधिकारियों को निर्देश देकर इस समस्या का समाधान करवा पाएंगे। वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ दीपक चौहान ने कहा कि अगर ये दोनों योजनाएं बंद हुईं तो विभाग को करोड़ों का नुकसान होगा और आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
स्थिति गंभीर है और जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे क्षेत्र में बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। अधिकारियों ने मंदिर कमेटी से तुरंत कटिंग रोकने और सुरक्षा उपाय करने का आग्रह किया है।
