ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बने अनुराग ठाकुर — हिमाचल के नेताओं ने दी बधाई, कहा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर को हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ का अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रदेशभर में उत्साह और खुशी का माहौल है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

 

पूर्व मीडिया प्रभारी विकास शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष उषा बिरला, पूर्व मंडल अध्यक्ष आदर्श कांत और पूर्व कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा ने संयुक्त रूप से कहा कि अनुराग ठाकुर खेल जगत में हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते आए हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करवाते रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र में “सांसद खेल महाकुंभ” जैसी लोकप्रिय योजनाओं की शुरुआत कर हजारों युवाओं को खेलों से जोड़ने का काम किया है। उनके प्रयासों से ग्रामीण स्तर के खिलाड़ी भी बड़े मंच तक पहुंच रहे हैं।

 

नेताओं ने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बनने के बाद अनुराग ठाकुर प्रदेश के खिलाड़ियों को और अधिक अवसर देंगे और खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। यह प्रदेश के खेल भविष्य को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला कदम साबित होगा।